ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं से मारपीट पर सख्त एक्शन, सुपरवाइजर समेत 6 कर्मचारियों पर गिरी गाज
Monday, May 25, 2026-07:55 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : ओंकारेश्वर मंदिर में रविवार शाम श्रद्धालुओं से मारपीट के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर मंदिर ट्रस्ट के सुपरवाइजर समेत 6 कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया है। पुलिस ने भी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम झूला पुल के पास हुई घटना को मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। वायरल वीडियो की जांच के बाद मंदिर ट्रस्ट के सुपरवाइजर दीपक मालाकार को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाया गया है।
इसके साथ ही घटना में शामिल अन्य 5 कर्मचारियों अंकित योगी, राहुल चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, शुभम राजपूत और उमाशंकर सिसोदिया को भी सेवा से पृथक कर दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम वर्मा ने जानकारी दी कि मान्धाता पुलिस थाना भी मामले में विधि सम्मत कार्रवाई कर रहा है। वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कर्मचारियों की काउंसलिंग और ट्रेनिंग कराई जाएगी। साथ ही निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार शाम झूला पुल मार्ग पर प्रवेश को लेकर श्रद्धालुओं और कर्मचारियों में विवाद हुआ था। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देशभर में तीर्थ यात्रियों ने नाराजगी जताई थी। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालुओं में सकारात्मक संदेश गया है।

