कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त प्रदेश मुख्य संगठक ने संभाला पदभार,जीतू सहित कई दिग्गज रहे मौजूद, बूथ स्तर तक मज़बूत होगा सेवादल
Wednesday, Nov 26, 2025-10:32 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान): प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन भोपाल में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त प्रदेश मुख्य संगठक (अध्यक्ष) अवनीश भार्गव ने पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मौजूद रहे।

नवनियुक्त मुख्य संगठक (अध्यक्ष) अवनीश भार्गव ने कांग्रेस कार्यालय, भोपाल प्रांगण में ध्वज वंदन किया। संविधान दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के उपरांत ध्वज को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत एक स्वर में गाए गए।इसी क्रम में संविधान दिवस मार्च का आयोजन किया गया, जो इंदिरा भवन से बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा तक निकाला गया।
मार्च के दौरान संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया। सेवादल को बूथ स्तर तक मज़बूत करने, संगठन विस्तार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को तेज़ गति से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में नेतृत्व ने संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान और आमजन के अधिकारों की लड़ाई को और सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ,पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ,पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, विधायक आरिफ मसूद ,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ,संगठन महामंत्री संजय कामले ,प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी ,पूर्व प्रदेश मुख्य संगठक योगेश यादव ,प्रदेश महासचिव शैलेन्द्र पटेल ,भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

