बड़ी खबर.. इस जिले में बड़े स्तर पर कटे लाड़ली बहनाओं के नाम, अब नहीं मिलेंगे 1500 रुपए

Thursday, Nov 13, 2025-02:00 PM (IST)

दतिया: मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत दतिया जिले की 1,44,204 महिलाओं के बैंक खातों में मध्यप्रदेश सरकार ने अक्टूबर माह में 21 करोड़ 25 लाख 29 हजार 200 रुपए की राशि ट्रांसफर की है। यह राशि प्रति महिला 1,500 रुपए के मान से दी गई।

हालांकि, इसी महीने जिले की 2,949 महिलाओं के नाम योजना की सूची से हटाए गए हैं। इनमें से 452 महिलाओं ने स्वयं आवेदन देकर योजना का लाभ छोड़ने की इच्छा जताई, जबकि 2,196 महिलाएं 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर अपात्र हो गईं। वहीं, 301 महिलाएं मृत पाई गईं, जिनके नाम स्वाभाविक रूप से सूची से हटा दिए गए। अगर मृतक महिलाओं को छोड़कर शेष 2,648 महिलाएं योजना में बनी रहतीं, तो सरकार को लगभग 39 लाख 72 हजार रुपए का अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता।

योजना से वंचित महिलाओं की परेशानी
जिले में अभी भी करीब 50 हजार महिलाएं ऐसी हैं जो लाड़ली बहना योजना में नाम जुड़वाने के लिए प्रयासरत हैं। इनमें से कई महिलाएं बैंक खाते में त्रुटि, आधार या समग्र आईडी लिंक न होने, दस्तावेज सत्यापन में देरी और पात्रता जांच की जटिल प्रक्रिया जैसी समस्याओं से जूझ रही हैं। शहर के वार्ड क्रमांक 17 निवासी शारदा देवी (48 वर्ष) ने बताया कि वे पिछले एक साल से योजना में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन दस्तावेज़ों में बार-बार त्रुटि निकलने से अब तक नाम नहीं जुड़ पाया। वहीं, ठंडी सड़क निवासी वैजयंती कुशवाह (42 वर्ष) ने बताया कि उन्होंने एक साल में चार बार आवेदन किया, मगर अब तक योजना से नहीं जुड़ पाईं।

और कड़ी होगी पात्रता जांच
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के अनुसार, अब योजना की पात्रता जांच और सख्त की जा रही है। जिन महिलाओं की उम्र 60 वर्ष पूरी हो चुकी है या जिनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, उन्हें योजना से बाहर किया जा रहा है। यह कदम सरकार की ओर से वित्तीय पारदर्शिता के लिए अहम माना जा रहा है, लेकिन इसका असर ग्रामीण और निम्न आय वर्ग की महिलाओं पर पड़ रहा है, जो अब तक इस योजना के सहारे अपने घरेलू खर्च चला रही थीं। अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर-जनवरी में नई पात्रता समीक्षा प्रस्तावित है, जिसमें और भी नाम योजना की सूची से बाहर किए जा सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News