धमधा में चोरों का तांडव: एक रात में पांच घरों के ताले टूटे, नगर पंचायत अध्यक्ष के देवर के घर से आधा किलो चांदी पार
Saturday, Dec 13, 2025-05:36 PM (IST)
धमधा। (हेमंत पाल): दुर्ग जिले के धमधा नगर में बीती रात चोरों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरा नगर सहम उठा। एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने ताले तोड़ दिए, जिनमें से नगर पंचायत अध्यक्ष के देवर प्रवीण अग्रवाल के घर से करीब आधा किलो चांदी की चोरी कर ली गई। वहीं चार अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया गया।
बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात महामाया मंदिर से लगे रिहायशी इलाके में हुई, जो नगर का प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र माना जाता है। इसी कारण इस घटना ने पूरे धमधा नगर को सदमे में डाल दिया है। लोग डरे हुए हैं और रात में जागकर पहरा देने को मजबूर हो रहे हैं।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
धमधा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले पुलिस ने चोरी के मामलों में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। हालात ऐसे हैं कि चोरों को अब पुलिस का भी डर नहीं रह गया है।
किन-किन घरों को बनाया गया निशाना इस वारदात में
प्रवीण अग्रवाल (नगर पंचायत अध्यक्ष के देवर) दिलीप गुप्ता, डॉ. साहू शाहिद सहित कुल पांच घरों के ताले तोड़े गए। एक घर से चांदी की चोरी हुई, जबकि चार घरों में चोरी का प्रयास किया गया।
पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही धमधा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
धमधा थाना प्रभारी युवराज साहू ने बताया कि,..
एक घर से करीब आधा किलो चांदी की चोरी हुई है, जबकि चार घरों में चोरी का प्रयास किया गया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
नगर में दहशत का माहौल
एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाए जाने से नगर में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि प्रमुख इलाके में इस तरह चोरी हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें।
फिलहाल पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक चोरों को पकड़कर धमधा नगर के लोगों को राहत दिला पाती है।

