MP के 12 कलेक्टरों पर गिर सकती है गाज! भिंड कलेक्टर का नाम भी सुर्खियों में
Monday, Sep 29, 2025-02:04 PM (IST)

भोपाल : मध्यप्रदेश सरकार जल्द ही एक बड़ा प्रशासनिक फेर बदल करने जा रही है। सूत्रों की मानें तो सूची तैयार हो चुकी है, जिसमें कई जिलों के कलेक्टर बदले जा सकते हैं। इससे पहले शनिवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल किया गया था जिसमें 18 आईएएस और 8 एसएएस अफसरों समेत 24 अधिकारियों के तबादले किए गए थे।
कलेक्टरों पर लटक रही तलवार
चर्चा है कि 12 से 15 कलेक्टरों पर कार्रवाई तय है। इनमें वे कलेक्टर शामिल होंगे जो काफी समय से एक ही जिले की कमान संभाले हुए हैं और उन्हें दो से ढाई साल हो चुके हैं। और वे अधिकारी जो पर्याप्त समय मिलने के बावजूद बेहतर परिणाम नहीं दे पाए हैं। इसके अलावा जिन जिलों में बार-बार विवाद की स्थिति बनी, उनके कलेक्टर भी दायरे में आ सकते हैं।
भिंड जैसे जिले निशाने पर
सूत्र बताते हैं कि भिंड जैसे जिलों के कलेक्टर इस सर्जरी में हटाए जा सकते हैं। हालांकि प्रशासनिक हलकों का कहना है कि कई बार कलेक्टरों को कानूनी जवाब देने पर भी विवादों में घेरा जाता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय तक असर
नई सूची में मुख्यमंत्री कार्यालय के कुछ अफसरों के नाम भी हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि दो आईएएस और दो राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसर, जिन्हें मौके मिलने के बावजूद अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए, अब हटाए जा सकते हैं।यह फेरबदल न सिर्फ जिलों की कार्यशैली को प्रभावित करेगा बल्कि सरकार के प्रशासनिक रुख का भी संकेत देगा।