MP में अवैध खनन पर सबसे बड़ा जुर्माना! कांग्रेस नेता को देनें होंगे 124 करोड़, कलेक्टर का तगड़ा एक्शन

Saturday, Sep 27, 2025-12:37 PM (IST)

पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध खनन के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री और डायमंड स्टोन क्रेशर के प्रोपराइटर श्रीकांत उर्फ पप्पू दीक्षित पर कलेक्टर न्यायालय ने 1 अरब 24 करोड़ 55 लाख 85 हजार 600 रुपए का जुर्माना लगाया है। यह फैसला उप संचालक खनिज प्रशासन पन्ना एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुनौर की जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर सुनाया गया। साथ ही उप संचालक खनिज प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि तय राशि कांग्रेस नेता से वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराई जाए।


कैसे खुला मामला?
गुनौर तहसील के बिलघाड़ी स्थित मेसर्स डायमंड स्टोन क्रेशर के प्रोपराइटर श्रीकांत दीक्षित पर आरोप था कि उन्होंने स्वीकृत क्षेत्र से बाहर पत्थर खनन किया। शिकायत में कहा गया था कि अवैध खनन से करोड़ों की रॉयल्टी चोरी हो रही है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता का भोपाल तक कोई काम नहीं रुकता। जांच में पाया गया कि, निरस्त की गई लीज की बकाया राशि जमा करने का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। गिंद्री खनन के सर्वे नंबरों से लगी भूमियों पर अनावेदक के पुत्र के नाम से भंडारण की लीज स्वीकृत कराई गई। मात्र 99,300 घनमीटर की रॉयल्टी जमा कराई गई, जबकि खनन 2,72,298 घनमीटर का किया गया।


बड़ा झटका
साक्ष्यों और रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर न्यायालय ने कांग्रेस नेता पर यह ऐतिहासिक जुर्माना लगाया। अब यह राशि नियमानुसार वसूली जाएगी और सरकारी खजाने में जमा होगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News