भारत जोड़ो यात्रा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज
Sunday, Nov 27, 2022-06:00 PM (IST)

खरगोन: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगने के मामले में छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर होने के बाद मध्यप्रदेश की खरगोन पुलिस ने सनावद थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 153 B और धारा 188 के तहत केस दर्ज किया है। वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि मध्य प्रदेश के खरगोन में यात्रा के दौरान नारेबाजी की गई थी । इस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा था कि बीजेपी इस यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा मीडिया प्रभारी के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शुक्रवार को भाजपा ने वीडियो जारी करके आरोप लगाया था कि इसमें 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए हैं। शनिवार को इसमें छत्तीसगढ़ पुलिस की एंट्री भी हो गई। वीडियो पोस्ट करने पर मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर पर छत्तीसगढ़ में FIR दर्ज हुई थी।
कांग्रेस-बीजेपी के अपने-अपने दावे
बीजेपी के मीडिया प्रभारी अमित मालवीय ने एक वीडियो ट्वीट कर आरोप लगाया था कि भारत जोड़ो यात्रा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए हैं। मालवीय ने लिखा था कि इस वीडियो को कांग्रेस सांसद ने पोस्ट किया था और बाद में गड़बड़ी सामने आने के बाद इसे हटा दिया था। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने वाले किसी भई कीमत पर नहीं बचेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नारे के बाद हरकत में आई थी कांग्रेस
बीजेपी के इस दावे पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी। कांग्रेस के सीनियर नेता और मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने के लिए इसके एक वीडियो से छेड़छाड़ करके, इसे शेयर किया है। बीजेपी, कांग्रेस की अत्यधिक सफल भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। हम इसे लेकर तुरंत आवश्यक कानूनी कदम उठाएंगे। हम इस तरह के हथकंड़ों से निपटने के लिए तैयार हैं। इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
कब का है वीडियो
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर 21 सेकंड का वीडियो सामने आया था। इस विवादित वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को पैदल चलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के आखिर में कथित रूप से 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए जाने की आवाज सुनाई दे रही है। ऐसा दावा भाजपा ने किया था, यह वीडियो 25 नवंबर की सुबह का बताया जा रहा है। जब भारत जोड़ो यात्रा खरगोन जिले के सनावद क्षेत्र स्थित भानबरड गांव से गुजर रही थी। फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में प्रवेश कर चुकी है।