BJP नेताओं में शीतयुद्ध! एक ही भवन का दो बार हुआ लोकार्पण, लोग भी हुऐ हैरान, फीता काटने की मची होड़

Sunday, Oct 12, 2025-01:02 PM (IST)

गुना: जिले में भाजपा की गुटबाजी अब खुलेआम मंचों पर दिखने लगी है। इसका ताजा उदाहरण शनिवार को देखने को मिला, जब शहर के जज्जी बस स्टैंड स्थित नवनिर्मित दीनदयाल प्रसाद घर के उद्घाटन कार्यक्रम में ऐसा अजीबोगरीब दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक ही प्रसाद घर का दो बार उद्घाटन हुआ — पहले कलेक्टर ने फीता काटा, फिर नपाध्यक्ष ने दोबारा।

दरअसल, शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पहले गुना कलेक्टर किशोर कन्याल ने प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं की मौजूदगी में फीता काटकर प्रसाद घर का लोकार्पण किया। इस मौके पर एसडीएम शिवानी पांडे, सीएमओ मंजूषा खत्री, परियोजना अधिकारी संजय श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर और एसपी ने प्रसाद घर का निरीक्षण किया और रसोई संचालन की जानकारी ली। सभी को लगा कि कार्यक्रम समाप्त हो गया।

लेकिन तभी शुरू हुआ राजनीतिक कॉमेडी शो
कलेक्टर के फीता काटने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता अपने समर्थक पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके आने के बाद एक नया फीता लगाया गया और लोकार्पण की “दूसरी पारी” शुरू कर दी गई। पार्षदों और नपाध्यक्ष की ओर से आग्रह किया गया कि कलेक्टर फिर से लोकार्पण करें, जिसके बाद उसी रसोई का दोबारा उद्घाटन हुआ। इस बार कैची नपाध्यक्ष सविता गुप्ता के हाथों में थी। इस पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय लोगों और मीडिया के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इसे ‘गुना का डबल शो’ बताते हुए तंज कसे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News