युवक के साथ प्रेम प्रसंग में थी बेटी, पिता को पता चला, तो समझाने की बजाए खत्म कर दी जिंदगी
Wednesday, Sep 24, 2025-06:56 PM (IST)

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र में नाबालिग की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने दो महीने बाद कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या की वजह आरोपी की बेटी और मृतक नाबालिग के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।
ऐसे हुआ था खुलासा
22 जून 2025 को ग्राम गुमडीडीह में पेड़ के नीचे एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान 17 वर्षीय देवलू राम सोरी के रूप में हुई थी। गले में गमछे का फांसी का फंदा था और उसी गमछे का आधा हिस्सा पेड़ की डंगाल पर लटका हुआ था। गमछा फटने से शव जमीन पर गिर गया था। उस समय मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा था।
जांच में सामने आई सच्चाई
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का गांव की एक लड़की से प्रेम संबंध था। इससे नाराज लड़की के पिता और भाई ने 22 जून की रात मिलकर नाबालिग की हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटकाने की साजिश रची गई। पुलिस ने सबूतों के आधार पर आरोपी 42 वर्षीय श्यामलाल गोटा और उसका बेटा 22 वर्षीय भूपेंद्र गोटा, निवासी गुमडीडीह, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।