''नशे में चल रही सरकार, नशे के लिए चल रही व्यवस्था'' गांजे की खेती पर कांग्रेस का BJP सरकार पर हमला
Saturday, Mar 28, 2026-04:27 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): केशकाल में गांजे की खेती के खुलासे के बाद प्रदेश कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि अफीम की खेती के बाद अब गांजे की खेती का सामने आना यह साबित करता है कि सरकार नशे में चल रही है और नशे के लिए काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मादक पदार्थों, गांजा और अफीम की खुलेआम खेती हो रही है, जो बिना सरकारी संरक्षण के संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो मामले सामने आ रहे हैं, वे केवल जनजागरूकता के कारण उजागर हो रहे हैं, जबकि सरकार इन गतिविधियों को संरक्षण दे रही है। राजपूत ने यह भी कहा कि हाल ही में सरकार ने जिला कलेक्टरों से प्रमाण पत्र जारी करवाया था कि उनके क्षेत्रों में अफीम की खेती नहीं हो रही। लेकिन केशकाल में गांजे की खेती का खुलासा यह दर्शाता है कि कलेक्टरों ने गलत रिपोर्ट दी और सरकार ने जनता को गुमराह किया।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि बिना सत्ता के संरक्षण के इतने बड़े स्तर पर नशे का कारोबार संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने विनायक ताम्रकार के खिलाफ केवल निलंबन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्हें निष्कासित क्यों नहीं किया गया और पुलिस ने उन्हें मुख्य आरोपी क्यों नहीं बनाया। बलरामपुर मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां अफीम की खेती हो रही थी, वहां सरकारी रिकॉर्ड में अन्य फसल दर्ज थी, जिससे यह साफ होता है कि प्रशासन को इसकी जानकारी थी और यह सब सत्ता के संरक्षण में हो रहा है।

