MP में बारिश से बिगड़े हालात, कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति, स्कूलों में 22 अगस्त की छुट्टी की घोषणा
Friday, Aug 21, 2026-05:19 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 3 जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने अपील की गई है। वहीं भारी बारिश के चलते रीवा और पन्ना में स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है।

रीवा की बात करें तो में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी भर गया है। ऐसे में प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 21- और 22 अगस्त की छुट्टी की घोषणा की है। बता दें कि रीवा जिले में भारी बारिश के चलते हालात बाढ़ जैसे हो गए हैं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मुताबिक, जिले भर में लगभग 3000 लोगों को 27 बाढ़ राहत शिविरों में रखा गया है। राजस्व पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर रही है। अब तक 4000 से अधिक लोगों को बाढ़ के पानी से निकालकर सुरक्षित स्थान में पहुंचाया गया है। उन्हें नि:शुल्क भोजन,पानी तथा उपचार की सुविधा दी जा रही है। रीवा नगर निगम क्षेत्र में बनाए गए राहत शिविरों में 2200 से अधिक व्यक्तियों को आश्रय दिया गया है।
वहीं पन्ना जिले में भी बारिश के चलते सड़के तालाबों में तब्दील हो गई है। हालात ये है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में एहतियात बररते हुए जिला कलेक्टर उषा परमार ने दो दिन का यानी 21-22 अगस्त अवकाश को घोषित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में निरंतर जारी अतिवर्षा तथा भारी वर्षा के अलर्ट, विभिन्न मार्गों पर पानी भराव और नदी एवं नालों का जलस्तर बढ़ने की दृष्टिगत छात्र-छात्राओं के लिए पुनः दो दिवस का आदेश जारी किया गया है।
वहीं डिडौरी जिले की बात करें तो वहां के हालात भी बेहद खराब है। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जिले भर में जल भराव की स्थिति है। इसी के चलते कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आज 21 अगस्त को सारे जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी की घोषणा की है, वहीं बारिश के चलते कल यानी 22 अगस्त को भी छुट्टी की संभावना है। देर रात तक कलेक्टर छुट्टी की नोटिफिकेशन जारी कर सकती है। रीवा और सतना के कई निचले इलाकों और बस्तियों में पानी भर गया है। मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटा पुल डूब गया है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को राज्य के निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, राज्य में लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिती बनी है। ऐसे में कई जिलों में बच्चों को स्कूलों में छुट्टी की गई है।

