चक्रवात ‘अर्नब’ का MP में असर! 31 जिलों में अलर्ट, करवाचौथ पर चांद के दीदार में आ सकती है परेशानी
Wednesday, Oct 28, 2026-05:37 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के असर से मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले चार दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। 30 अक्टूबर तक प्रदेश के 31 जिलों में मौसम बदलने का अनुमान है।
पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, भोपाल, जबलपुर और रीवा समेत कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
29 अक्टूबर को ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को प्रदेश में चक्रवात का असर अधिक दिखाई दे सकता है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
करवाचौथ पर चांद के दीदार में हो सकती है परेशानी
29 अक्टूबर को करवाचौथ भी है। ऐसे में बारिश और बादलों के कारण कुछ इलाकों में चांद दिखाई देने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, आसमान की स्थिति जिले और स्थानीय मौसम के अनुसार अलग-अलग रह सकती है।
30 और 31 अक्टूबर को भी बदला रहेगा मौसम
भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।

