किन्नरों की अवैध वसूली के तंग लोग पुलिस के पास पहुंचे,बोले-5 से 11 हजार वसूल रहे,विरोध करने पर घर में घुसकर नंगे होने लगते हैं
Wednesday, Feb 04, 2026-11:32 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान): राजधानी भोपाल से लोगों ने किन्नरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों ने किन्नरों की अवैध वसूली के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। बैरसिया के बसई वासियों की आवाज़ उठाते हुए इसका विरोध किया है।
बैरसिया तहसील के बसई वार्ड के लोग किन्नरों की मनमानी से परेशान

बैरसिया तहसील के बसई वार्ड में किन्नरों द्वारा की जा रही मनमानी वसूली से परेशान होकर बुधवार को सैकड़ों नागरिकों ने वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद संजय कुशवाहा के साथ थाना प्रभारी एवं एसडीएम आशुतोष शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि खुशी के मौकों किन्नर द्वारा 5 हजार से 11 हजार रुपए तक की जबरन वसूली की जा रही है। हैरानी की बात है कि राशि न देने पर घरों में घुसकर दबाव बनाया जाता है। किन्नरो की ऐसी हरकतों से आम लोग मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं।
5 हजार से 11 हजार रुपये की कर रहे वसूली
जिले के बसईवासियों ने मांग की है कि सर्वसम्मति से ₹1100 की तय राशि निर्धारित की जाए। लोगों ने प्रशासन से अवैध वसूली पर रोक लगाने और जनता को राहत दिलाने की अपील की है। लोगों ने कहा है कि किसी से 5000 किसी के 7000 तो किसी से 11 हजार की वसूली किन्नर कर रहे हैं। अगर कोई राशि देने में समर्थ नही होता है तो ये जबरदस्ती करते हैं, घरों में घुस जाते हैं औऱ नंगे होने लगते हैं।
वहीं लोगों ने दुखी होते हुए कहा कि अब तो किन्नर लड़की के पैदा होने पर भी पैसा लेने लगे हैं, जबकि पहले लड़के के पैदा होने पर ही पैसे देते थे। लिहाजा लोगों ने किन्नरो की मनमानी से निजात दिलाने की अपील की है।

