संजय पाठक की बढ़ी मुश्किलें! आदिवासी विरोध में उतरे, बोले- संजय पाठक चोर है, हालात संभालने में प्रशासन के छूटे पसीने
Wednesday, Nov 19, 2025-07:10 PM (IST)
कटनी (संजीव वर्मा) : कटनी की विजयराघवगढ़ के भाजपा विधायक संजय पाठक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। डिंडौरी, जबलपुर, सिवनी और मंडला के आदिवासियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा विधायक पर आदिवासियों नाम से जमीन खरीदने के आरोप लगे हैं। आंदोलनकारियों ने भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव किया।

बुधवार को युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधायक संजय पाठक और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट गेट पहुंचे।

जहां पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने गेट पर चढ़कर अंदर जाने का प्रयास किया, जिसको मौजूद पुलिस ने रोका। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई, संजय पाठक चोर है के नारे लगे और प्रशासन के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा फूटा।

कार्यकर्ताओं का आरोप था कि आदिवासियों के नाम पर करोड़ों रुपये कीमत की जमीनों की खरीद फरोख्त की गई है। मामले शिकायत होने के बाद भी प्रशासन विधायक पाठक को बचाने में जुटा हुआ है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। साथ ही राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

