Punjab Kesari MP ads

MP में ''अलीबाबा चालीस चोर'' की सरकार, राज्यसभा चुनाव से शुरू हो गई है BJP की उल्टी गिनती: जीतू पटवारी

Tuesday, Jun 09, 2026-12:05 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्यमंत्री मोहन यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत करते हुए पटवारी ने प्रदेश सरकार को 'अलीबाबा चालीस चोर की सरकार' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने मध्य प्रदेश की जड़ों में भ्रष्टाचार का कैंसर फैला दिया है। राज्यसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा उतारे गए तीसरे उम्मीदवार को लेकर पटवारी ने कहा कि यह चुनाव बीजेपी के चाल, चरित्र और चेहरे को बेनकाब कर देगा। उन्होंने दावा किया कि आंकड़े कम होने के बावजूद कांग्रेस यह सीट जीतेगी और इसके नतीजे बेहद चौंकाने वाले होंगे।

मोहन यादव को सिर्फ 3 बातें आती हैं: पटवारी

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर सीधा निशाना साधते हुए कहा,"मोहन यादव को केवल तीन ही बातें आती हैं पहला भ्रष्टाचार करना, दूसरा भारी भरकम विज्ञापन देना और तीसरा सिर्फ गालियां देना। इन्होंने लोकतंत्र की मूल मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है।"

OBC और महिला विरोधी है बीजेपी का चेहरा

राज्यसभा के समीकरणों पर बोलते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी के पास 10 विधायक कम होने के बावजूद उन्होंने तीसरा प्रत्याशी खड़ा किया है। उन्होंने बीजेपी की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा: हारने के लिए OBC कार्ड: बीजेपी ने तीसरे नंबर पर एक OBC (केवट परिवार) के साथी को खड़ा किया है, जहां उनकी हार तय है। अगर बीजेपी सच में OBC हितैषी थी, तो उन्हें पहले नंबर पर टिकट क्यों नहीं दिया? पंजाब से लाए गए उम्मीदवार की जगह ओबीसी साथी को मौका क्यों नहीं मिला?

महिला विरोधी मानसिकता: यह तीसरा उम्मीदवार एक महिला (कांग्रेस प्रत्याशी) के खिलाफ खड़ा किया गया है। एक तरफ बीजेपी महिला आरक्षण का ढोंग करती है और दूसरी तरफ महिला उम्मीदवार को रोकने के लिए जुगाड़ की राजनीति कर रही है।

110% जीतेगी मीनाक्षी नटराजन, आश्चर्यचकित करेंगे परिणाम

जब मीडिया ने जीतू पटवारी से सवाल किया कि कांग्रेस के पास बहुमत है, तो फिर बीजेपी के दावों के बीच कांग्रेस '10 अतिरिक्त वोट' कहां से लाएगी? इस पर पटवारी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा,"मैं मध्य प्रदेश की जनता को आश्वस्त करता हूं कि यह सिर्फ कांग्रेस की राज्यसभा सीट का मामला नहीं, बल्कि एमपी की अस्मिता का विषय है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर में जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त का जो माहौल बनाया है, वह जनता के अधिकारों पर चोट है। मैं 110% दावे के साथ कह रहा हूं कि मीनाक्षी नटराजन ही राज्यसभा सदस्य बनेंगी और परिणाम चौंकाने वाले होंगे।"

बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू

बयान के अंत में पटवारी ने कहा कि यह चुनाव बेहद अच्छा हुआ जो हो गया, क्योंकि इससे बीजेपी का असली चरित्र जनता के सामने आ गया है। इस चुनाव के साथ ही मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का 'काउन्टडाउन' यानी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News