बुरहानपुर में अजगर की एंट्री से मचा हड़कंप! 10 फीट का सांप देखकर हैरान हो गए लोग
Saturday, Sep 13, 2025-11:36 AM (IST)

बुरहानपुर। (राजवीर राठौर): मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर में देर रात: नेपा लिमिटेड के रेस्ट हाउस में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। तुरंत सर्पमित्र खेमसिंह महाराज को सूचना दी गई। महाराज ने बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंच कर पूरी सूझ-बूझ और साहस के साथ अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे चांदनी के आगे घने जंगल में छोड़ दिया।
शहर में 'सर्पमित्र' के नाम से प्रसिद्ध खेमसिंह महाराज अब तक सैकड़ों सांपों और अजगरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुके हैं। महाराज ने बताया, “यह सेवा मैं सिर्फ अपने शौक और जीव रक्षा के लिए करता हूं। जैसे ही सूचना मिलती है, मैं मौके पर पहुंच कर जानवरों को सुरक्षित जंगल में छोड़ देता हूं।
नेपा लिमिटेड के कर्मचारियों ने महाराज के साहस की खूब सराहना की। सभी ने कहा कि उनके कारण न केवल जानवर सुरक्षित हैं, बल्कि मनुष्य भी राहत की सांस लेता है।