किसानों पर लाठीचार्ज का आप ने किया पुरजोर विरोध, कार्रवाई के लिए सौंपा ज्ञापन
Sunday, May 21, 2023-05:38 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): केन-बेतवा लिंक परियोजना (Ken-Betwa Link Project) में प्रशासन की मनमानी से पीड़ित किसानों पर पिछले दिनों पुलिस द्वारा लाठीचार्ज पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा विरोध किया है। पुलिस की कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक प्रतिनिधिमंडल को छतरपुर भेजा है। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित किसानों से मुलाकात की और इसके बाद एएसपी विक्रम सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर से भी मुलाकात की है।
आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष रुचि गुप्ता, प्रदेश संयुक्त सचिव जयेंद्र सिंह सोमवंशी और आप किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह शामिल हुए। उक्त पदाधिकारियों ने एएसपी विक्रम सिंह से मुलाकात कर घटना से जुड़े वीडियो उन्हें दिखाए। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने अपर कलेक्टर से भी मुलाकात की।
मीडिया से रूबरू होते हुए रुचि गुप्ता ने कहा कि छतरपुर में किसानों और महिलाओं के साथ जो प्रशासन के द्वारा घटना कारित की गई है, वो निंदनीय है। सरकार और प्रशासन को इस पर ठोस कदम उठाना चाहिए। आम आदमी पार्टी महिलाओं के साथ अत्याचार नहीं होने देगी अगर जल्दी ही संबंधित पुलिसकमिर्यों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।