Punjab Kesari MP ads

मंत्री के भाई की दांत तोड़ने और जिंदा गाड़ने की धमकी के बाद महिला अफसर को मिला गनमैन, फील्ड विजिट बंद

Sunday, Apr 26, 2026-09:02 AM (IST)

आलीराजपुर। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग को जिंदा गाड़ने और दांत तोड़ने की धमकी देने का मामला अब और ज्यादा चर्चाओं में आ गया है। इस मामले के आरोपी इंदरसिंह चौहान, जो प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान के भाई बताए जा रहे हैं, को शनिवार को जमानत मिल गई। वहीं दूसरी ओर, धमकी के बाद महिला सीईओ की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें गनमैन उपलब्ध कराया गया है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद से CEO प्रिया काग ने फील्ड पर जाना लगभग बंद कर दिया है। अब वह केवल कार्यालय तक ही सीमित हो गई हैं। सुरक्षा कारणों से उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने 22 अप्रैल को प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई गई।

पूरा विवाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि योजना के तहत कुछ आवेदनों में फर्जी शादी कार्ड लगाए गए थे, जिन्हें जांच के बाद निरस्त कर दिया गया। इसी बात से नाराज होकर इंदरसिंह चौहान जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और वहां CEO प्रिया काग के साथ अभद्र व्यवहार किया।

सीईओ ने आरोप लगाया कि इंदरसिंह ने न केवल दफ्तर में हंगामा किया, बल्कि उन्हें जिंदा गाड़ देने और दांत तोड़ने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं। इस घटना के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया और मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया। अब आरोपी को जमानत मिलने के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में है। विपक्ष भी सरकार पर हमलावर है और महिला अधिकारी की सुरक्षा व निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News