MP के इस जिले में भाजपा नगर मंडल को लेकर आपस में खींचतान, सांची विधानसभा में गुटबाजी उभर कर आई सामने
Sunday, Oct 05, 2025-12:28 PM (IST)

रायसेन। (शिवलाल यादव): भारतीय जनता पार्टी की आपस कि खींचतान उभर कर सड़कों पर आ गई है, यही वजह है कि पार्टी के जिला अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर एक अरसा बीत गया है। लेकिन भाजपा नगर मंडल की नियुक्ति अभी भी अधर में लटकी हुई है। इसकी खास वजह है क्षेत्रीय विधायक और पार्टी जिला अध्यक्ष के बीच आपसी तालमेल का ना होना। जहां एक ओर भाजपा विधायक डॉ प्रभु राम चौधरी अपने खास समर्थक युवा नेता अंशुल शर्मा को भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बनवाने के लिए जोर लगा रहे हैं। वहीं पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा आदित्य जीतू शर्मा के पक्षधर हैं।
चूंकि आदित्य शर्मा के भाई संघ के बड़े पदाधिकारी हैं और प्रदेश के एक बड़े ब्राह्मणवादी संघ नेता के करीबी हैं,बताया जाता है कि दोनों ही नेता अपने वर्चस्व को कायम रखते हुए नगर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति अटकाए हुए हैं।
सांची, सांचेत ग्रामीण भाजपा मण्डल अध्यक्ष की नियुक्ति में खींचतान...
सांची विस क्षेत्र में भाजपा नगर मण्डल रायसेन से लेकर सांची, सांचेत ग्रामीण मण्डल अध्यक्षों की घोषणा भी आपसी खींचतान गुटबाजी के चलते सूची अटकी हुई है। सांची में महेंद्र सिंह बन्टू और बंटू भाई सहित एक अन्य दावेदारी कर रहे हैं। इसी तरह सांचेत मण्डल में वीरेंद्र सिंह बघेल, सुनील साहू, रघुवीर सिंह मीणा,राजेंद्र राज मीणा सहित दो अन्य युवकों ने अपनी प्रबल दावेदारी जताई है। जहां राजेंद्र राज मीणा विधायक डॉ चौधरी के कट्टर समर्थक बताए जाते हैं। वहीं वीरेंद्र सिंह बघेल सुनील साहू रघुवीर सिंह मीणा बीजेपी जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा खेमे से हैं।
बहरहाल अब देखना यह है कि अनुशासन का नारा देने वाली भाजपा की सांची विधानसभा में भाजपा में जिस हिसाब से अंतर्कलह चल रही है क्या स्थिति निर्मित होती है। पार्टी की गुटबाजी दिखाई दे रही है। भाजपा भी ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी की राह पर चल पड़ी है।