बीजेपी के दिग्गज विधायक की मां का अचानक निधन, CM मोहन भी हुए दुखी, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
Wednesday, Jun 10, 2026-01:34 PM (IST)
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र से विधायक अंबरीश शर्मा (गुड्डू) की माताजी अरुणा देवी का मंगलवार शाम निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, अरुणा देवी पिछले करीब चार महीनों से गंभीर रूप से बीमार थीं और उनका उपचार दिल्ली में चल रहा था। स्वास्थ्य लगातार बिगड़ने के कारण उन्हें कुछ समय से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। मंगलवार शाम उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

परिवार के मुताबिक, अरुणा देवी का अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव सिकरी में किया जाएगा। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है।
इस दुखद समाचार पर मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, लहार विधानसभा क्षेत्र से विधायक अंबरीश शर्मा जी की पूज्य माताजी के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। अरुणा देवी के निधन से शर्मा परिवार सहित पूरे लहार क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

