Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस के दिग्गज नेता का दिल का दौरा पड़ने से निधन, पूर्व CM ने जताया शोक, बोले- उनका जाना अपूरणीय क्षति

Monday, Jun 08, 2026-12:55 PM (IST)

भोपाल: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव सूरज हेगड़े का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। वे लगभग 55 वर्ष के थे और उन्होंने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके इस तरह अचानक निधन से राजनीतिक जगत और कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।

PunjabKesari

सूरज हेगड़े के असामयिक निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए लिखा कि- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सूरज हेगड़े के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, युवाओं के मार्गदर्शक के रूप में उनका योगदान और संगठन के लिए उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि।

वहीं कांग्रेस प्रदेश  अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए शोक व्यक्त किया- AICC सचिव सूरज हेगड़े के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति उनका स्नेह और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने अनेक युवा कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिजनों, शुभचिंतकों और समस्त कांग्रेस परिवार के साथ हैं। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

बता दें कि सूरज हेगड़े भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी होने के साथ-साथ कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री देवराज उर्स के पोते थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News