Punjab Kesari MP ads

MP में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5000 रूपए रिश्वत लेते महिला पटवारी को पकड़ा, जमीन के सीमांकन और नामांतरण के एवज में मांगी थी घूस

Saturday, Jun 20, 2026-09:26 AM (IST)

ग्वालियर (अंकुर): एमपी के ग्वालियर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां एक हल्का पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ने जमीन के सीमांकन और नामांतरण के काम के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय पटवारी को पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला ग्वालियर की तहसील तानसेन के अंतर्गत गुंधारा हल्के का है। जहां पदस्थ पटवारी रेखा शाक्य को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। दरअसल, सिरसौद मुरार निवासी मंशाराम ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि उसकी बहन गुड्डी की जमीन के सीमांकन और पत्नी सावित्रीबाई के नामांतरण के लिए पटवारी द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार फरियादी ने आरोपी पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत दी, तभी लोकायुक्त टीम ने ग्वालियर के मुरार स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

यह कार्रवाई एसपी लोकायुक्त निरंजन शर्मा के निर्देशन में निरीक्षक उपेंद्र दुबे के नेतृत्व में की गई। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी रेखा शाक्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News