MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले; यहां देखें List
Saturday, Jun 06, 2026-01:19 PM (IST)
MP/CG Desk: मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल की सूचना मिली है। यहां आयकर विभाग में बड़े पैमाने पर कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए गए है। करीब 182 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। इसके लिए आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 20 अतिरिक्त आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त संयुक्त अन्वेषण निदेशक स्तर के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा 48 उपायुक्त और 114 आयकर अधिकारियों (आईटीओ) को भी नई जगहों पर पदस्थ किया गया है। जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। आदेश के तहत 18 अतिरिक्त आयुक्त और 11 उपायुक्तों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, ताकि विभागीय कार्यों का संचालन सुचारू रूप से जारी रह सके।
सूची में इंदौर, भोपाल, रायपुर, बिलासपुर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर और बस्तर संभाग से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को एक शहर से दूसरे शहर में भेजा गया है, जबकि कुछ को विभागीय आवश्यकताओं के अनुसार अतिरिक्त दायित्व भी सौंपे गए हैं। जारी आदेश के मुताबिक, अक्षय जैन को उज्जैन से इंदौर, अरुण कुमार गुर्जर को ग्वालियर, बिपिन कुमार अहिरवार को रायपुर, राजेश्वर रेड्डी को रायपुर और कपिल कपूर को बिलासपुर से इंदौर सहित विभिन्न स्थानों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस बड़े फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाना, रिक्त पदों को भरना और विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवी अधिकारियों की सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारियों को 12 से 15 जून के बीच नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

