Punjab Kesari MP ads

एक साथ उठी मां-बेटे की अर्थी! बेटे का अचानक हुआ निधन... सदमे में मां ने भी तोड़ा दम, पूरे परिवार में पसरा मातम

Monday, Jun 15, 2026-03:21 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के भंडारी मिल क्षेत्र स्थित श्रीनाथ विहार अपार्टमेंट में एक बेहद भावुक और हृदय विदारक घटना सामने आई है। 55 वर्षीय राजुल शर्मा की मौत के बाद उनकी 75 वर्षीय मां किरण शर्मा भी बेटे का शव देखते ही सदमे में चल बसीं। सोमवार को जब मां और बेटे की एक साथ अर्थियां उठीं तो पूरे परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों की आंखें नम हो गईं। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, कंप्यूटर डिजाइनर राजुल शर्मा का रविवार को निधन हो गया था। उस समय उनकी मां किरण शर्मा अपनी बेटी के घर एरोड्रम रोड पर थीं। परिजनों ने उन्हें अचानक जानकारी देने के बजाय धीरे-धीरे घर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें गहरा सदमा न पहुंचे। लेकिन जैसे ही किरण शर्मा फ्लैट में पहुंचीं और बेटे का शव देखा, वे फूट-फूटकर रोने लगीं। बेटे के सिर पर हाथ फेरते ही वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार मां और बेटे दोनों की पहले बायपास सर्जरी हो चुकी थी और परिवार में हृदय रोग का इतिहास भी रहा है। कुछ घंटों के भीतर मां-बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। इस गहरे दुख के बीच परिवार ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों का नेत्रदान कराया। मुस्कान ग्रुप की मदद से हुई इस प्रक्रिया से चार लोगों को नई रोशनी मिल सकेगी। मां-बेटे की अंतिम यात्रा में शामिल हर शख्स की आंखें नम थीं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News