नर्स से बनी Health Minister! MP की पूर्व छात्रा ने नेपाल में रचा इतिहास, दुनिया में पहली बार
Sunday, Mar 29, 2026-04:18 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के लिए गर्व का क्षण तब आया जब प्रदेश की पूर्व नर्सिंग छात्रा निशा मेहता ने नेपाल में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पद संभालकर इतिहास रच दिया। नर्सिंग प्रोफेशन से सीधे किसी देश की स्वास्थ्य मंत्री बनने का यह पहला मामला माना जा रहा है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है।
निशा मेहता की इस उपलब्धि ने न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के नर्सिंग समुदाय को गौरवान्वित किया है। यह साबित करता है कि स्वास्थ्य सेवाओं में जमीनी स्तर पर काम करने वाले पेशेवर भी अब नीति निर्माण के शीर्ष पदों तक पहुंच रहे हैं।
दिल्ली से ग्वालियर तक का सफर, फिर अंतरराष्ट्रीय पहचान
निशा मेहता ने वर्ष 2006 से 2010 के बीच AIIMS दिल्ली से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर स्थित पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऑफ नर्सिंग से एमएससी नर्सिंग की डिग्री हासिल की। उनकी शिक्षा यात्रा भारत की प्रतिष्ठित संस्थाओं से शुरू होकर अब अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंच चुकी है।
नर्सिंग प्रोफेशन को नई पहचान
निशा मेहता का यह सफर नर्सिंग क्षेत्र में काम कर रहे लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। आमतौर पर स्वास्थ्य मंत्री पद पर डॉक्टर या राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले लोग ही पहुंचते रहे हैं, लेकिन इस बार एक नर्सिंग प्रोफेशनल का इस पद तक पहुंचना एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण
मध्यप्रदेश की धरती से शिक्षा हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली निशा मेहता ने यह दिखा दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर वैश्विक मंच तक पहुंचना संभव है। उनकी सफलता से प्रदेश की नर्सिंग शिक्षा को भी नई पहचान मिली है। यह उपलब्धि आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में नए बदलावों और नर्सिंग प्रोफेशन के बढ़ते महत्व की ओर संकेत करती है।

