Weather Alert: कोहरा कम, ठंड बरकरार, 10 फरवरी से मावठा गिरने के आसार
Thursday, Feb 05, 2026-11:31 AM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में कोहरे का असर अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है, लेकिन ठंड से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली। गुरुवार सुबह प्रदेश के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होता गया।
सुबह इन जिलों में दिखा कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया और शिवपुरी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। वहीं गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहा।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
6 फरवरी
ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
वहीं भोपाल, गुना, अशोकनगर, इंदौर, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, विदिशा, सीहोर और रायसेन सहित कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा।
7 फरवरी
प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। इस दिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
क्यों बदल रहा है मौसम का मिज़ाज?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण बादलों की आवाजाही बनी हुई है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं, जिससे ठंड और कोहरे का असर बरकरार है।
10 फरवरी से मावठे की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 8 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक और नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा और 10 फरवरी से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मावठा गिर सकता है।

