नरोत्तम मिश्रा को रोता देख भावुक हुई दतिया की जनता! मंच के सामने बैठीं महिलाओं की भी छलक पड़ीं आंखें
Monday, Jul 13, 2026-06:21 PM (IST)
दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव ने सोमवार को एक ऐसा भावुक दृश्य देखा, जिसकी चर्चा अब पूरे मध्य प्रदेश की राजनीति में हो रही है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में पूर्व गृह मंत्री और दतिया की राजनीति का बड़ा चेहरा नरोत्तम मिश्रा अपने संबोधन के दौरान भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। वर्षों तक दतिया का प्रतिनिधित्व करने वाले मिश्रा जब मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, तभी उनकी आवाज भर्रा गई और आंखों से आंसू छलक पड़े।
नरोत्तम मिश्रा ने भावुक स्वर में कहा, "हम सब एक हैं... भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता आशुतोष भैया के लिए प्राण झोंक देगा। हम घर-घर जाकर उनके लिए हाथ जोड़ेंगे और उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताएंगे।" इतना कहते-कहते वह कुछ पल के लिए रुक गए। मंच पर बैठे-बैठे उनकी आंखें नम हो गईं और पूरा पंडाल कुछ क्षणों के लिए भावुक माहौल में बदल गया।
सभा में मौजूद लोगों पर भी इस दृश्य का गहरा असर दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई महिलाओं की आंखों में आंसू साफ नजर आ रहे हैं। कुछ महिलाएं भावुक होकर रोती हुई भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद समर्थक इसे नरोत्तम मिश्रा और दतिया की जनता के बीच वर्षों से बने आत्मीय रिश्ते का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी इस भावुक पल की चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि नरोत्तम मिश्रा दतिया विधानसभा सीट से कई बार विधायक चुने जा चुके हैं और लंबे समय तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। लेकिन इस बार उपचुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बावजूद मिश्रा ने मंच से संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
इसी दौरान मंच पर एक और तस्वीर चर्चा का विषय बनी। जहां नरोत्तम मिश्रा भावुक होकर आंसू पोंछते नजर आए, वहीं मंच पर पीछे बैठीं भाजपा नेता और सिंधिया समर्थक इमरती देवी मुस्कुराती हुई दिखाई दीं। इस दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

