डोंगरगढ़ में नक्सली मुठभेड़! गोली लगने से MP पुलिस का जवान गंभीर
Wednesday, Nov 19, 2025-11:38 AM (IST)
राजनांदगांव। जिले के बोरतालाव थाना क्षेत्र से नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की सूचना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में एक पुलिस जवान को गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया है।
पुलिस प्रशासन ने अभी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, और अधिकारी फिलहाल कोई बयान देने से इनकार कर रहे हैं। मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से भी रोका जा रहा है।
घटना के बाद डोंगरगढ़ हॉस्पिटल को छावनी में बदल दिया गया है। अस्पताल में राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा, खैरागढ़ के एसपी लक्ष्य शर्मा, तथा मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी भी मौजूद हैं। घायल जवान मध्यप्रदेश पुलिस का बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकृत पुष्टि के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

