MP में नक्सलियों का कहर! पुलिस मुखबिरी के शक में युवक उठा ले गए, हॉकफोर्स ने चलाया सर्च ऑपरेशन

Thursday, Sep 18, 2025-10:21 AM (IST)

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक युवक को उठाकर ले जाने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। अपहरण की वजह पुलिस से गुप्त जानकारी साझा करने का शक बताया जा रहा है। घटना चौरिया जंगल इलाके में घटी, जहां से माओवादी युवक को अपने साथ ले गए।

पुलिस से दूरी बनाने की चेतावनी

घटना के बाद नक्सलियों ने ग्रामीणों के बीच पर्चे भी बांटे, जिनमें साफ चेतावनी दी गई है कि कोई भी व्यक्ति पुलिस से संपर्क न रखे। पर्चों में यह भी जिक्र है कि पुलिस से जुड़ी कोई भी गतिविधि करने पर सख्त नतीजे भुगतने होंगे।

सूत्रों के मुताबिक, अपहृत युवक की पहचान देवेंद्र यादव के रूप में हुई है। नक्सलियों को उस पर शक था कि वह पितकोना पुलिस चौकी में दूध सप्लाई के बहाने पुलिस को गतिविधियों की जानकारी देता है। इसी आशंका में 16 सितंबर की रात माओवादी उसे उठा ले गए।

माओवादी कमेटी ने ली जिम्मेदारी

मलाजखंड एरिया कमेटी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने पर्चों के जरिए इस अपहरण की जिम्मेदारी कबूल की है। इसमें देवेंद्र यादव पर मुखबिरी का खुला आरोप लगाया गया है।

पुलिस और हॉकफोर्स सक्रिय

वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने अपहरण की पुष्टि की है। जिला पुलिस बल के साथ विशेष हॉकफोर्स की टीम को जंगलों में उतारा गया है। नक्सलियों की तलाश और युवक को सुरक्षित छुड़ाने के लिए लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News