इलाज कराने चरक अस्पताल जाते हैं तो पढ़ें ये खबर, शुरू होने जा रही है ये बड़ी सुविधा
Friday, Jul 27, 2018-03:31 PM (IST)

उज्जैन : चरक अस्पताल आने वाली गर्भवती महिलाओं और मरीजों की सुविधा को देखते हुए साइन बोर्ड लगाने का फैसला लिया गया है। बोर्ड लगने के बाद मरीज और परिजनों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा अस्पताल में महिलाओं और बच्चों को टोकन बांटे जाएंगे, जिसके आधार पर वे डॉक्टर को दिखाएंगे।
6 मंजिला चरक अस्पताल में वर्तमान में मरीजों को ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने से लेकर, भर्ती होने से डिस्चार्ज तक ऊपर से नीचे तक के चक्कर लगाने पड़ते हैं। भवन में किस मंजिल पर कौन-सी सुविधा की जानकारी नहीं होने की वजह से मरीज एवं परिजनों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन साइन बोर्ड में मरीजों को ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने से लेकर भर्ती होने, सोनोग्राफी रूम, एक्स-रे, आइसीयू, एसएनसीयू, शिशु आइसीयू, विभिन्न वार्ड, ओटी, लेबर रूम, पैथालॉजी लैब, एंबुलेंस मिलने का स्थान, वाटर कूलर, फायर फाइटर, एसी, जन्म पंजीयन कक्ष, नार्मल डिलिवरी महिला भर्ती वार्ड, सीजेरियन डिलिवरी भर्ती वार्ड, शिशु भर्ती वार्ड सहित अन्य कक्ष-वार्डों की जानकारी और प्रक्रिया का उल्लेख रहेगा। इसे पढ़कर यहां पहुंचने वाले मरीजों एवं परिजनों को पैथालॉजी जांच, सोनोग्राफी, उपचार, दवाई आदि के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
महिलाओं को बांटे जाएंगे टोकन
चरक अस्पताल में रोजाना 400 से अधिक महिलाएं और बच्चों की ओपीडी रहती है। डॉक्टर को जल्दी दिखाने की होड़ में ये महिलाएं कतार बनाकर खड़ी रहती हैं, जिस वजह से यहां अव्यवस्थाएं फैलती हैं और मरीजों को भी परेशान होना पड़ता है, जिसके चलते चरक मरीजों के लिए टोकन सिस्टम शुरू किए जाने का फैसला लिया गया है। ये टोकन उन्हें ओपीडी पर्ची बनवाने के साथ ही बांटे जाएंगे। ओपीडी कक्ष के बाहर लगी स्क्रीन में टोकन नंबर आने के बाद डॉक्टर उन्हें देखेंगे।
इसी सप्ताह से शुरू करने के प्रयास
चरक अस्पताल प्रभारी डॉ. संगीता पल्सानिया ने बताया कि वर्तमान में भी महिलाओं को कर्मचारी बैठकर आराम करने के लिए कहते हैं, लेकिन वे मानती नहीं हैं। टोकन सिस्टम आरंभ करने के बाद उनकी परेशानी कम होगी। टोकन के आधार पर ही उनका नंबर आएगा।