NSUI के उग्र प्रदर्शन में भारी बवाल, धक्का-मुक्की में CSP की अंगुली मुड़ी तो थाना प्रभारी के हाथ से फूटा खून
Tuesday, Jun 16, 2026-05:35 PM (IST)
रतलाम( समीर खान): रतलाम के डालूमोदी बाजार चौराहे पर मंगलवार दोपहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।

मंगलवार दोपहर एनएसयूआई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में डालूमोदी बाजार चौराहे पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच छीनाझपटी शुरू हो गई।स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर पुतले में लगी आग बुझाई और पुतले को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
धक्का-मुक्की में सीएसपी की अंगुली मुड़ी, थाना प्रभारी के हाथ से खून निकला
धक्का-मुक्की और छीनाझपटी के दौरान रतलाम सीएसपी की एक अंगुली मुड़ गई, जबकि एक थाना प्रभारी (टीआई) के हाथ में चोट लगने से खून निकल आया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका।
NSUI ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के शहर अध्यक्ष निलेश शर्मा ने भाजपा सरकार पर दमनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक सोचे-समझे षड्यंत्र के तहत कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त कराया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निलेश शर्मा ने कहा, "आज सिर्फ सांकेतिक घेराव किया गया था, लेकिन आगे पूरी ताकत के साथ उग्र आंदोलन और घेराव किया जाएगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और एनएसयूआई के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।

