MP के इस जिले में सियासी संग्राम, भाजपा सांसद-विधायक-महापौर ‘लापता’ पोस्टर लगने से मचा बवाल!
Sunday, Nov 02, 2025-11:59 AM (IST)
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ नया सियासी वार छेड़ दिया है। शहर में जगह-जगह सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन और महापौर संगीता तिवारी के “लापता” पोस्टर चस्पा कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि मोतीनगर चौराहे से धर्मश्री तक सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में खुला भेदभाव किया जा रहा है। जिनके पास रसूख और पहुंच है, उनके निर्माण सुरक्षित हैं, जबकि आम लोगों के घरों पर बुल्डोज़र चल रहा है।
शनिवार को कांग्रेसियों ने विधायक शैलेंद्र जैन के निवास के बाहर प्रदर्शन किया। दस साल में यह पहला मौका है जब उनके घर पर कांग्रेस ने धरना दिया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भाजपा नेता जनता की समस्याओं से गायब हैं, इसलिए हमने उनकी तलाश शुरू की है।
उधर, इस विवाद के बीच कांग्रेस के ही दो ब्लॉक अध्यक्षों ने इस्तीफा दे दिया। योगराज कोरी ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान तोड़ी गई, लेकिन पार्टी ने साथ नहीं दिया। उनके समर्थन में प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने भी पद छोड़ दिया। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने सफाई दी कि कार्रवाई सिर्फ उन पर हुई जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं थे। उन्होंने कहा - मार्ग संकीर्ण था, अतिक्रमण हटाना जरूरी था।
सागर की राजनीति में अब यह पोस्टर युद्ध नया मोड़ लेकर आया है - भाजपा की चुप्पी और कांग्रेस का आक्रामक रुख दोनों ही चर्चा में हैं।

