MP का रतलाम बना आग का गोला! 46.5°C तापमान ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल
Wednesday, May 13, 2026-05:14 PM (IST)
रतलाम (समीर खान): मध्यप्रदेश में इन दिनों आसमान से मानों आग बरस रही है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है। सूरज का पारा सातवें आसमान पर है, इसी के साथ ही गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों से आमजन परेशान है। इ्स बार तो सूरज ने लगता है कहर ढहाने की ही सोच रखी है। प्रदेश के रतलाम में 3 दिनों से जिस प्रकार तापमान बढ़ा है, उसने तो दशकों पहले पड़ी गर्मी की याद ताजा कर दी। इस बार गर्मी ने सारे रिकार्ड भी तोड़ दिए और पारा 46.5 डिग्री तक पहुंच गया। ये तापमान अब तक का सबसे ज्यादा रहा और विश्व में 8 वें स्थान पर रतलाम को लाकर खड़ा कर दिया। वहीं, प्रदेश में भी सबसे गर्म शहर की गिनती में शामिल है। ऐसी गर्मी में यदि कोई सडक़ पर भी निकलता है तो ऐसा लग रहा कि मानों जैसे भट्टी में चल रहे।

रतलाम में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। गर्मी अपना विकराल रूप दिखा रही है। पिछले चार दिनों से रतलाम लगातार सबसे गर्म शहर के श्रेणी में नजर आ रहा है और कल तो गर्मी ने अपना रिकॉर्ड ही तोड़ दिया। दिन का तापमान 46.5 डिग्री पर जा पहुंचा। तो वहीं रात का तापमान भी लगभग 28 डिग्री तक रहा। आज भी सुबह से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया।

दोपहर से लेकर देर शाम तक गर्म लू के थपेडों ने आमजनों को परेशान कर दिया। शाम तक आसमान में बादल भी छाए। लेकिन हीट वेव के कारण गर्मी का असर बना रहा। गर्मी के कारण दोपहर से लेकर शाम तक सडक़ों पर लगभग सन्नाटा ही रहा। इस बीच यदि कोई सड़क पर भी निकला तो उसे सड़क भट्टी की तरह लगी। ऐसे में आमजन गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और छाव का सहारा भी लेते रहे।

मौसम विभाग की मानें तो इससे पहले रतलाम का तापमान 9 मई 2022 में 46.0 डिग्री पर पहुंचा था। चार साल बाद एक बार फिर गर्मी ने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की बढ़ोतरी नजर आईं है। जबकि रात के तापमान में 0.2 डिग्री पारा बडा है। इससे पहले करीब 75 साल पहले इतनी भीषण गर्मी पड़ी थी। बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग से भी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है । मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो चार दिन और तापमान बढ़ सकता है और जिले में हिटवेव की भी आशंका बनी हुई है।

