पूर्व उपाध्यक्ष का अचानक हुआ निधन, प्रदेश CM समेत भाजपा नेताओं ने जताया दुख; पार्टी में शोक की लहर!
Friday, Jul 03, 2026-04:42 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब रायपुर के पूर्व उपाध्यक्ष सुखनंदन लाल बंजारे का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 43 वर्ष के थे। वह पिछले कुछ दिनों से पक्षाघात से पीड़ति थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन किए जाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसी बीच मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट कर दुख जताया है। इसी के साथ ही भाजपा नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर जारी शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। भाजपा प्रदेश देव ने कहा कि बंजारे के निधन से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से एक आत्मीय साथी खो दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कार्य के दौरान बंजारे से लगातार संपर्क रहा। उनका सरल स्वभाव, निष्पक्ष पत्रकारिता और बस्तर के जन सरोकारों के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि बंजारे ने बस्तर की आवाज को पूरी ईमानदारी से मुख्यधारा तक पहुंचाया और कम उम्र में उनका निधन मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सुखनंदन बंजारे ने कम उम्र में निष्पक्ष, बेबाक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के बल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि उनका आकस्मिक निधन पत्रकारिता जगत और समाज के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक हेमंत पाणिग्रही सहित विभाग के सदस्यों ने भी बंजारे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि सुखनंदन बंजारे के आकस्मिक निधन का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही एक साक्षात्कार के दौरान उनसे विस्तृत चर्चा हुई थी। सिंहदेव ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वरिष्ठ पत्रकार श्री सुखनंदन बंजारे जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति दें।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 3, 2026
ॐ शांति।

