Punjab Kesari MP ads

युवक की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट में कांग्रेस नेता का नाम, मचा हड़कंप

Saturday, Mar 28, 2026-06:41 PM (IST)

दुर्ग: भिलाई के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक मकान में पेंटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मोहन रामटेक (42) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से किराए के मकान में रह रहा था और पेंटिंग का काम करता था। घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।जानकारी के अनुसार, मृतक के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सुबह जब उसकी पत्नी घर पहुंची, तो कोई जवाब नहीं मिला। मकान मालिक और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां अंदर उसका शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर पहुंची स्मृति नगर चौकी और सुपेला थाना पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में पुलिस ने फंदे से लटकने की आशंका जताई है, हालांकि शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध बना हुआ है।

सुसाइड नोट में Raju Pal और Sonia Goswami के नाम का उल्लेख किया गया है। नोट में आरोप है कि दोनों सट्टा संचालित करते हैं और मृतक को एक लाख रुपये देने के लिए दबाव बना रहे थे। साथ ही धमकी दी गई थी कि पैसे नहीं देने पर पुलिस कार्रवाई में फंसाया जाएगा और जेल भेजा जाएगा।

नोट में यह भी लिखा गया है कि आरोपी खुद को कांग्रेस नेता बताते हुए पुलिस पर प्रभाव होने की बात कहते थे। मृतक ने सुसाइड नोट में प्रशासन से अपील की है कि उसकी मौत को नजरअंदाज न किया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। भाई का कहना है कि शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे यह मामला केवल आत्महत्या नहीं लग रहा। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला फिलहाल सभी एंगल से जांच के दायरे में है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और सुसाइड नोट की जांच के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या किसी साजिश के तहत हुई मौत। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और उसमें उल्लेखित नामों की भी जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News