विंटेज कार में बिठाकर थाना प्रभारी को दी गई अनोखी विदाई! हर आंख नम, कई बड़े मामलों का किया था चुटकियों में खुलासा

Saturday, Nov 01, 2025-06:21 PM (IST)

डबरा। (भरत रावत): डबरा सिटी थाना परिसर में आज भावनाओं से भरा और ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत गोयल को उनके स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई। दोपहर 1 बजे आयोजित इस समारोह में पुलिस अधिकारी, थाना स्टाफ, समाजसेवी, पत्रकार और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों की आंखें नम थीं, वहीं स्थानीय लोगों के चेहरों पर गर्व साफ झलक रहा था — क्योंकि यशवंत गोयल ने अपने कार्यकाल में डबरा को अपराधमुक्त बनाने के लिए कड़ी मेहनत की और कई बड़ी वारदातों का खुलासा किया।

उनकी कार्यशैली में सख्ती और संवेदनशीलता का अनूठा मेल देखने को मिला। अपराधियों के लिए वे खौफ का नाम रहे, वहीं आम जनता के लिए भरोसे का चेहरा। जनसंपर्क, कानून व्यवस्था और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनका योगदान डबरा पुलिस इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा।

PunjabKesariनिरीक्षक यशवंत गोयल ने डबरा में रहते हुए कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। हाल ही में दीदार कॉलोनी में देह व्यापार के धंधे में लिप्त शारदा परिहार और विशाल जाट को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। कमल टॉकीज रोड पर हुई 14.5 लाख रुपए की डकैती में उन्होंने कुछ ही घंटों में जांच शुरू कर सुराग जुटाए और बदमाशों की तलाश में टीमें रवाना कीं। मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस चोरी मामले में उन्होंने 4.1 किलो सोना और 67 हजार रुपए नगद बरामद कर पुलिस की कार्यकुशलता का उदाहरण पेश किया।

इसी के साथ जसवंत सिंह गिल मर्डर केस में भी उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला सुलझाया। यह हत्या कनाडा के गैंगस्टर अर्शदीप दल्ला के इशारे पर की गई थी, जिसमें डबरा और पंजाब पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में अनमोलप्रीत सिंह और नवजोत प्रीत सिंह को खरड़ (पंजाब) से गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई ने न केवल ग्वालियर पुलिस की साख बढ़ाई बल्कि अंतरराज्यीय गैंगस्टर नेटवर्क को भी बड़ा झटका दिया।

समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों और पत्रकारों ने यशवंत गोयल के कार्यों को याद करते हुए उन्हें डबरा का “सक्रिय और संवेदनशील प्रहरी” बताया। कार्यक्रम के अंत में उन्हें विंटेज कार में बिठाकर डबरा से ग्वालियर के महाराजपुरा थाने के लिए विदाई दी गई, जहां उनके नए पद पर हार्दिक स्वागत किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News