खराब फसलों का मुआवजा मांगने आए कांग्रेसियों और किसानों को पुलिस ने रोका, जमकर हुई झूमाझटकी
Tuesday, Sep 16, 2025-05:57 PM (IST)

रतलाम (समीर खान) : रतलाम में कांग्रेस ने किसान न्याय यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेसी शामिल हुए। खराब हुई फसलों के मुआवजे और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर कांग्रेसी ट्रैक्टर रैली निकाल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां मुख्य द्वार का बेरीकेट्स बंद करने से नाराज कांग्रेसियों ने बेरीकेट्स को धक्का देते हुए अंदर प्रवेश किया। इस दौरान पुलिस से कांग्रेसियों की झूमाझटकी हुई और दोनों तरफ से गेट खोलने को लेकर जोर आजमाइश होती रही।
दरअसल रतलाम में गत दिवस सीएम मोहन यादव के दौरे के बाद कांग्रेसी नाराज हो गए। कांग्रेसियों का कहना था कि सीएम सिर्फ एक जगह की फसल का निरीक्षण करके चले गए। जबकि पूरे जिले में बारिश से सोयाबीन की फसल खराब हो गई है। जिसको लेकर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने बताया कि अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों के मुआवजे और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी और जिला किसान कांग्रेस ने ट्रैक्टर रैली निकाली है। यह रैली सैलाना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी से होती हुई शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां दीप्ति कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस रैली में प्रदेश कांग्रेस किसान अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे जो खुद ट्रैक्टर चलाकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत के साथ कांतिलाल भूरिया ट्रैक्टर में सवार थे।