Punjab Kesari MP ads

रतलाम दौरे पर बोले विष्णुदत्त शर्मा, पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी पूर्व कांग्रेस सरकार की देन

Friday, Mar 05, 2021-06:24 PM (IST)

रतलाम (समीर खान): प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को रतलाम दौरे के दौरान ऐलान किया कि प्रदेश में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों में बीजेपी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने टिकट वितरण संबंधी  पत्रकारों द्वारा पूछे गए अन्य सवालों  के जवाब भी दिए।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए नगरीय निकायों में बीजेपी प्रत्याशियों की आयु सीमा निर्धारण के प्रश्न पर शर्मा ने कहा कि बीजेपी ने ऐसा कोई नियम नहीं बनाया है। यहां तक कि संगठन की नियुक्तियों में भी आयु सीमा का कोई नियम नहीं है, लेकिन बीजेपी युवाओं को आगे लाना चाहती है।

मण्डल अध्यक्ष 40 वर्ष तक की आयु के बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में टिकट देते समय जीतने की क्षमता को ही सबसे अधिक महत्वपूर्ण माना जाएगा। प्रत्याशी साफ छवि वाले होंगे, लेकिन टिकट उन्हीं को दिया जाएगा, जिनमें चुनाव जीतने की क्षमता होगी।

शर्मा ने कहा कि बीजेपी जीवंत संगठन है। बूथ की समिति और बूथ अध्यक्ष बीजेपी संगठन का आधार है। मध्यप्रदेश का बीजेपी संगठन पूरे देश में आदर्श है। प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद वह पूरे प्रदेश में संगठन को और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए विभिन्न जिलों का प्रवास कर रहे हैं।

इसी कड़ी में उनका रतलाम प्रवास है। रतलाम प्रवास में जहां वे संगठन के युवा पदाधिकारियों से मिल रहे हैं। वहीं, बीजेपी के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनके सुझाव भी ले रहे हैं।

रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के संबंध में उन्होंने कहा कि जल्द ही अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। बढ़ती महंगाई पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पुरानी सरकारों की गलत नीतियों के कारण पेट्रोलियम पदार्थों के भाव बढ़ रहे हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कोरोना वैक्सीन के मामलों भारत आत्मनिर्भर बना है और पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। इसी तरह पेट्रोलियम के मामलों में भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। जल्द ही देश में वैकल्पिक व्यवस्था बन जाएगी और पैट्रोलियम पदार्थों की महंगाई से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकारें जनता को दिक्कतों से निजात दिलाने के लिए कार्यरत है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

shahil sharma

Related News