भाजपा में बगावत के सुर! इस दिग्गज नेता ने दिया इस्तीफा, मचा हड़कंप
Saturday, Sep 20, 2025-06:14 PM (IST)

सिंगरौली (अंबुज तिवारी) : मध्य प्रदेश के सिंगरौली से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां संगठन के वरिष्ठ नेता राजेश तिवारी 'रज्जू' ने जिला उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद जिले के साथ साथ प्रदेश की राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है। बताया जा रहा है नाराजगी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। हाल ही में उन्हें उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया था, जबकि संगठन के भीतर यह चर्चा थी कि तिवारी को महामंत्री बनाया जाएगा। लेकिन लिस्ट जारी होने के 24 घंटे के भीतर अचानक पद छोड़कर उन्होंने सबको चौंका दिया। रज्जू तिवारी के इस्तीफे के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर लाल शाह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। बता दें कि हाल ही में भाजपा ने सिंगरौली जिले की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की थी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंजूरी के बाद जारी इस सूची में कुल 19 कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
संगठन की रीढ़ माने जाते हैं रज्जू तिवारी
रज्जू तिवारी को संगठन की रीढ माना जाता था। उन्होंने सिंगरौली में भाजपा को मजबूत करने और विधायकों को खड़ा करने में निर्णायक भूमिका निभाया है। लेकिन उन्हें अपेक्षा से कम आंका गया और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। चर्चाएं तेज हैं कि शायद इसी नाराजगी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। हालांकि उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के पीछे उन्होंने "निजी और पारिवारिक कारण" बताए हैं, मगर राजनीतिक गलियारों में इसे "स्वाभिमान की लड़ाई" माना जा रहा है।
वहीं अब सबकी निगाहें भाजपा के जिला संगठन पर टिकी हुई है कि क्या रज्जू तिवारी का त्यागपत्र को स्वीकार किया जाएगा। क्या संगठन इस डैमेज को कंट्रोल कर पाएगी। क्या भाजपा नए सिरे से उन्हें कोई नई जिम्मेदापी सौंपेगी। हालांकि ये तो आने वाला समय ही तय करेगा। लेकिन इतना तय है कि नेताओं की आपसी खींचतान और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा ने पार्टी के भीतर असंतोष को हवा दे दी है।