Punjab Kesari MP ads

अगले 72 घंटों के लिए मौसम की भविष्यवाणी! राज्य में अब ठंड की दस्तक ? तापमान गिरने की आशंका

Friday, Nov 06, 2026-11:29 AM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई है। तापमान में गिरावट के चलते विशेष रूप से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सात नवंबर से बारिश की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं जताई गई है। फिलहाल मौसम में हो रहे बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में महासमुंद जिले के सरायपाली में सर्वाधिक 30 मिलीमीटर और सुकमा जिले के कोंटा में 20 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दर्ज तापमान के अनुसार, राजधानी रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर अपेक्षाकृत अधिक दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आज राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।

इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

वहीं, शुक्रवार को रायपुर में सूर्योदय सुबह छह बजकर 10 मिनट पर हुआ, जबकि सूर्यास्त शाम पांच बजकर 26 मिनट पर होगा। इस प्रकार दिन की कुल अवधि लगभग 11 घंटे 16 मिनट रहेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में संभावित गिरावट के साथ प्रदेश में ठंड का प्रभाव और बढ़ सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News