डेढ़ करोड़ की चोरी की मास्टरमाइंड निकली भतीजी! चाचा के घर करवाई चोरी, गरीब बॉयफ्रेंड के लिए दिल और दौलत दोनों लुटवाए
Tuesday, Oct 07, 2025-12:21 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपए की जूलरी चोरी का पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। खुलासा हुआ है कि इस चोरी की मास्टरमाइंड खुद ब्रोकर की भतीजी थी, जिसने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची।
डीएसपी (जोन 3) अभिनव चौकसे ने बताया कि यह वारदात विजय नगर के ओम नगर में हुई थी। पीड़ित परिवार ग्वालियर में बेटी की सगाई समारोह में गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर सोने के गहने चुरा लिए। चोरी की जानकारी तब सामने आई जब घरेलू नौकर ने टूटा ताला देखा और पड़ोसियों को सूचना दी।
पुलिस को शुरुआती जांच में शक हुआ क्योंकि घर के अंदर किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं हुई थी। जांच में मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिला कि चोरी घर के किसी जानकार ने की है। तभी सामने आया कि ब्रोकर की भतीजी डॉली ने अपने बॉयफ्रेंड अंकित तिवारी को चोरी के लिए उकसाया था। अंकित पर पहले से लूट और हत्या के कई केस दर्ज हैं।
डॉली ने अंकित को बताया था कि घर में शादी के लिए गहने रखे हैं। इसके बाद अंकित ने अपने साथियों अजय शाक्य और देवाशीष के साथ मिलकर प्लान बनाया। इसमें सरकारी ठेकेदार रवि विश्वकर्मा ने भी मदद की, जिसने आरोपियों को अपने फ्लैट में ठहराया। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और करीब पूरा चोरी का सोना बरामद कर लिया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।