शिलांग हनीमून पर गए नवदंपति को लेकर आई बुरी खबर, गाड़ी से 20-25 किमी दूर मिली राजा की लाश
Monday, Jun 02, 2025-05:33 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश के इंदौर से शिलांग हनीमून पर गए हुए दंपति को लेकर बुरी खबर आई है। सर्च ऑपरेशन अभियान के दौरान पुलिस को राजा रघुवंशी का शव मिला है। इंदौर क्राइम ब्रांच DCB राजेश त्रिपाठी ने की इसकी पुष्टि की है। त्रिपाठी ने बताया कि राजा रघुवंशी के भाई से और वहां के एसपी से बात हुई है। फिलहाल राजा रघुवंशी की लापता पत्नी सोनम की अभी भी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार जिस जगह गाड़ी मिली थी वहां से बीस- पच्चीस किलोमीटर दूर राजा का शव मिला है।
बता दें कि इंदौर के राजा रघुवंशी की शादी सोनम के साथ 11 मई को धूमधाम से शादी हुई थी, सपनों से भरा नया जीवन शुरू करने के लिए 20 मई को दोनों हनीमून पर निकले थे, लेकिन किसे पता था कि ये सफर ऐसा मोड़ ले लेगा। 23 मई को दोनों शिलांग से अचानक लापता हो गए थे। परिवार, दोस्त, शहरवासी- हर कोई बस एक ही दुआ कर रहा था- “भगवान इन्हें सही सलामत वापस लाए। लेकिन आज 2 जून को, एक ऐसा समाचार आया जिसने सब को गमगीन कर दिया।
राजा अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी निःशब्द विदाई एक पहाड़ी खाई की गहराइयों में खो गई।राजा का शव पुलिस को जहां स्कूटर पार्क की थी, वहां से 20 से 25 किलोमीटर दूर मिला। राजा के शव की पुष्टि उनके भाई ने की है। वहीं अब उनकी पत्नी सोनम की तलाश की जा रही है।