एक नहीं कई संगीन आरोपों से घिरे हैं थार से कुचलकर किसान को मारने वाले भाजपा नेता, पुलिस जांच में बड़े खुलासे
Monday, Oct 27, 2025-03:55 PM (IST)
गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले में किसान रामस्वरूप नागर की हत्या के मुख्य आरोपी और भाजपा नेता महेंद्र नागर पर कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस की जांच में उससे जुड़े अवैध गतिविधियों के जाल का खुलासा हो रहा है। जानकारी के अनुसार, महेंद्र नागर का इलाके में जबरदस्त प्रभाव था। वह अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर आदिवासियों और दलितों की 100 बीघा से ज्यादा जमीन पर कब्जा कर चुका था। इसके अलावा चरनोई (राजस्व) की करीब 80 बीघा भूमि पर भी उसका कब्जा बताया जा रहा है।
राजस्थान तक बिजली चोरी कर सप्लाई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महेंद्र नागर ने मध्य प्रदेश से बिजली चुराकर राजस्थान के दौलतपुरा गांव तक सप्लाई की थी। दौलतपुरा में आरोपी की खेती है, जहां बिजली चोरी के जरिए 10 अवैध ट्यूबवेल संचालित किए जा रहे थे। इसके अलावा, वह एमपी-राजस्थान बॉर्डर पर अवैध खाद की बिक्री, गांजा और शराब तस्करी जैसे कारोबार में भी सक्रिय था।
गांव में फैलाता था दहशत, करता था शिकार
मृतक किसान के रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि महेंद्र नागर और उसके लोग बंदूकों के दम पर दहशत फैलाते थे और जंगली जानवरों का शिकार करते थे।
पुलिस की कार्रवाई जारी
एसडीओपी विवेक अस्थाना ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आरोपी के बड़े भाई हुकुम नागर को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है।
जमीनी विवाद से शुरू हुआ था मामला
यह पूरा विवाद गुना जिले के गणेशपुरा गांव का है, जहां नागर समाज के दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और 40 वर्षीय किसान रामस्वरूप नागर की थार गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, षड्यंत्र और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

