कर्नल सोफिया पर विवादित बयान: मंत्री विजय शाह की कैबिनेट से हो सकती है छुट्टी, वीडी शर्मा ने कर दिया इशारा
Wednesday, May 14, 2025-01:28 PM (IST)

भोपाल (इजहार हसन) : मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया पर दिए बयान को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत गर्माई हुई है। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेर रहा है और विजय शाह को कैबिनेट से हटाने की मांग कर रहा है। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इशारों इशारों में विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मोहन कैबिनेट से विजय शाह की छुट्टी हो सकती है। विपक्ष लगातार उन्हें हटाने की मांग कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि हमारा नेतृत्व बहुत संवेदनशील है। हम ऐसी घटना पर तत्काल उचित बातचीत करते हैं। उन्हें नेतृत्व ने अगाह किया है। कर्नल सोफिया कुरैशी के पराक्रम को पूरा देश सैल्यूट करता है।
दरअसल कल दिन में मंत्री विजय शाह का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे मंच से संबोधित करते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बने हालातों के परिप्रेक्ष्य में कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में बोल गए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी लिया और वे निम्न स्तरीय भाषा और शब्दों का उपयोग करते दिखे। शाह कहते हुए सुने जा रहे हैं, ‘‘.....जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे...हमने उन्हीं की बहन भेजकर.....'' मंत्री शाह इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुए। जनजातीय समुदाय से आने वाले शाह का यह बयान इंदौर जिले के महू विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम का बताया गया है। उसमें वे सार्वजनिक मंच से संबोधन दे रहे हैं और भाजपा की एक महिला नेता ऊषा ठाकुर समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
हिंदू मुस्लिम करके भाजपा नेता सम्मान पाते हैं- दिग्विजय सिंह
वहीं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी मंत्री विजय शाह के बयान की निंदा की है। उन्होंने बीजेपी नेताओं ने मंत्री शाह पर कार्रवाई की है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी में हिंदू-मुस्लिम करके ही नेता सम्मान पाते हैं।