21 साल के प्रेमी पर सब कुछ लुटा बैठी 34 साल की विधवा, शादी की बात शुरू होते ही लड़का परिवार संग फरार
Friday, Oct 10, 2025-02:57 PM (IST)

मुरैना: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की 34 वर्षीय विधवा महिला, जिसे पिछले महीने अपने प्रेमी सचिन पचौरी (21) से धोखा मिला था, गुरुवार देर शाम मध्यप्रदेश के मुरैना में स्टेशन रोड थाने के ठीक सामने लगभग दो घंटे तक बेसुध पड़ी रही। पुलिस को सूचना मिलने के बाद उसे नारी सुधार गृह भेजा गया। महिला दो बेटियों की मां है।
फेसबुक दोस्ती और शादी का धोखा
महिला और सचिन पचौरी की दोस्ती लगभग एक साल पहले फेसबुक पर हुई थी। दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी का वादा किया। इस बीच कई बार दोनों होटलों में मिलते रहे। साथ भी रहे। वहीं जब महिला शादी करने मुरैना आई, तो सचिन और उसके परिवार ने होटल में रुकवाने के बाद घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। सुबह महिला को अपने साथ हुए धोखे का एहसास हुआ।
थाने के सामने बेसुध पड़ी
गुरुवार को महिला फिर मुरैना पहुंची और स्टेशन रोड थाने के सामने गिर गई। उसके हाथ में कैनुला लगी थी, जिससे स्थिति गंभीर दिख रही थी। प्रत्यक्षदर्शी विनोद त्रिपाठी के अनुसार, महिला लगभग दो घंटे तक थाने के गेट पर पड़ी रही, लेकिन पुलिस कर्मियों ने तुरंत ध्यान नहीं दिया। बाद में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस टीम में कोई महिला स्टाफ नहीं होने के कारण, एक राहगीर महिला की मदद से उसे थाने के अंदर ले जाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि महिला का प्रेमी सचिन पचौरी चित्रकूट और झांसी में पहले ही मामले में फंसा है। महिला बार-बार मुरैना आती रहती है। उसे रात में नारी सुधार गृह भेज दिया गया है। सचिन पचौरी अपने परिवार के साथ मुरैना की सिंघल बस्ती में पिछले एक महीने से फरार है। महिला अब भी उसे ढूंढने के लिए बार-बार मुरैना पहुंच रही है।