Punjab Kesari MP ads

एयर इंडिया की फ्लाइट से सामान चोरीः यात्री का बैग खुला मिला, कीमती घड़ी-परफ्यूम गायब

Tuesday, May 05, 2026-01:52 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक यात्री के बैगेज से छेड़छाड़ और सामान चोरी का मामला सामने आया है। मुंबई से फ्लाइट से इंदौर पहुंचे एक व्यापारी का आरोप है कि उसके बैग का ताला टूटा मिला और अंदर रखा कीमती सामान गायब था। यात्री की शिकायत पर एरोड्रम थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

PunjabKesari

शिकायतकर्ता हिमांशु के अनुसार, वे 2 मई को मुंबई से एअर इंडिया की फ्लाइट AI2591 से इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने तड़के सुबह 4 बजे अपने दो बैग चैकिंग काउंटर पर दिए थे। फ्लाइट 7 बजकर 25 मिनट की थी। इसके बाद इंदौर आकर जब उन्होंने एयरपोर्ट पर बेल्ट नंबर-2 से अपना सामान लिया, तो बड़े सूटकेस का ताला टूटा था और चेन खुली हुई मिली। हिमांशु के मुताबिक, सूटकेस खोलने पर एक राडो ब्रांड की घड़ी, परफ्यूम और दो लेदर बेल्ट गायब मिले। उसका कहना है कि चेक-इन के समय उनका सामान पूरी तरह सुरक्षित था, लेकिन डिलीवरी के समय उसमें छेड़छाड़ साफ नजर आई।

PunjabKesari

हिमांशु ने तुरंत एयरलाइन स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उनका आरोप है कि मौके पर न तो शिकायत दर्ज की गई और न ही कोई लिखित दस्तावेज दिया गया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

PunjabKesari

इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत एरोड्रम पुलिस को की थी। जहां पुलिस ने चोरी की FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने एयरलाइन स्टाफ से भी घटना को लेकर जानकारी मांगी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हिमांशु ने एयर इंडिया को मेल करने के साथ ट्वीट भी किया है। बहरहाल इंदौर एयरपोर्ट से एक यात्री का छोटा सा सामान भी चोरी होना कहीं ना कहीं बड़े सवाल खड़े कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News