प्रेम में पागल हुआ प्रेमी, शादीशुदा प्रेमिका को भगा ले गया...फिर हो गया बड़ा कांड
Wednesday, Feb 04, 2026-04:02 PM (IST)
गुना (मिस्बाह नूर) : एक विवाहित महिला को उसका आशिक भगाकर ले गया। घरवाले छुड़ा लाए, आशिक से बचाने महिला को मथुरा भेज दिया। आशिक को भनक लग गई। वो फिर से भगा लाया। इसके बाद तो ऐसा बवाल हुआ कि दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चल गए जिसमें 1 महिला सहित 4 गंभीर घायल हैं।
मामला गुना शहर के बिल्कुल नज़दीक स्थित कंचनपुरा गांव का है, जहां एक आशिक और उसकी शादीशुदा मोहब्बत की कहानी अब प्रेम प्रसंग कम और फिल्मी ज़्यादा लगने लगी है। पहले आशिक विवाहिता को भगाकर ले गया। घरवालों ने जैसे-तैसे महिला को छुड़ाया और सोचा कि अब मामला शांत रहेगा, इसलिए उसे मथुरा भेज दिया गया। लेकिन कहते हैं ना आशिक की नज़र और मोबाइल नेटवर्क… दूर रहकर भी काम कर जाते हैं।

आशिक को भनक लगी और वह मथुरा से भी महबूबा को दोबारा भगा लाया। बस फिर क्या था… प्यार का मामला देखते ही देखते लाठी-डंडा और बवाल झगड़े में बदल गया। दोनों पक्ष भिड़े और इस बवाल में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भिजवाया गया और अब इस प्रेम कहानी की कानूनी स्क्रिप्ट लिखी जा रही है।
दरअसल, कंचनपुरा का एक आदिवासी परिवार मजदूरी करने के लिए जोधपुर गया हुआ था। वहीं गांव का ही एक युवक भी मजदूरी कर रहा था। आरोप है कि समाज की ही युवक वहां से उनकी शादीशुदा बेटी को भगा ले गया। काफी तलाश के बाद परिजन महिला को ढूंढने में कामयाब रहे और उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर गुना जिले के ग्राम चौरोल ले आए। मामले को शांत करने और बेटी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से परिजनों ने उसे मथुरा में अपनी बड़ी बेटी के घर भेज दिया था। लेकिन आरोपी को इसका पता चल गया और वह दोबारा महिला को वहां से भगाकर वापस कंचनपुरा ले आया। जैसे ही यह बात परिजनों को पता चली, मंगलवार शाम करीब 7 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में गुलाब चंद, हक्के, शांति बाई और परमाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कैंट पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है।

