बुरहानपुर में बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या के आरोपी के घर चला बुलडोजर, पुलिस बल तैनात...

5/23/2024 5:12:47 PM

बुरहानपुर। (नितिन इंगले): मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले के आरोपी के मकान पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। साथ ही आरोपी के घर के बाहर रखी टपरी को भी प्रशासन ने तोड़ दिया है। आरोपी के मकान का कुछ हिस्सा अतिक्रमण कर बनाया गया था। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत मकान पर बुलडोजर चलाया गया,  मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र का है। आपको बता दें कि 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने के लिए एक दिन पहले आक्रोशित लोगों ने कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन दिया था।

PunjabKesari

एक दिन पहले लोगों ने की थी कार्रवाई की मांग...

 बुरहानपुर जिले में 6 साल की बच्ची के साथ हुई इस घटना के विरोध में शहर की जनता एक दिन पहले ही सड़कों पर उतरी थी और आरोपी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई थी। साथ ही आरोपी के मकान को तोड़ने की भी मांग की गई थी जिसके बाद नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सभी ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी के मकान और दुकान पर बुलडोजर चला दिया।

PunjabKesari
मकान आरोपी के पिता के नाम पर है और नगर निगम की बिना अनुमति के मकान बनाया गया है। पुलिस प्रशासन ने मकान खाली करने के लिए 24 घंटे का समय भी दिया था। गुरुवार सुबह 11 बजे मकान तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। आरोपी के घर के सामने रखी अवैध टपरी जेसीबी से तोड़ी गई और हथौड़े से आरसीसी निर्माण को तोड़ा जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News