Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस नेता ने अपने ही वरिष्ठ नेताओं पर लगाए पार्टी को कमजोर करने के गंभीर आरोप, कही बड़ी बात

Friday, May 01, 2026-04:35 PM (IST)

देवास। (एतेशाम कुरैशी): मध्य प्रदेश के देवास जिले की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सुमन ने अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए संगठन की अंदरूनी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रमोद सुमन ने कांग्रेस में लंबे समय से जारी गुटबाजी को पार्टी के कमजोर प्रदर्शन का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2003 से लेकर अब तक मध्यप्रदेश कांग्रेस लगातार गुटों में बंटी हुई नजर आ रही है, जिसका सीधा असर संगठन की मजबूती और चुनावी नतीजों पर पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के भीतर कुछ बड़े नेता ही पार्टी को कमजोर करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उनके अनुसार, संगठन में आंतरिक मतभेद और नेतृत्व स्तर पर चल रही खींचतान ने कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित किया है।

PunjabKesariप्रमोद सुमन ने तीखे शब्दों में कहा कि “राजा-महाराजा” जैसी मानसिकता और गुटीय राजनीति के कारण कांग्रेस आज उस स्थिति में पहुंच गई है, जहां हर छोटा कार्यकर्ता भी पार्टी की कमजोरी का कारण समझने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी इतनी गहरी हो चुकी है कि इसके पीछे स्वयं कुछ वरिष्ठ नेताओं की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता।

उनका कहना है कि यही स्थिति लगातार पार्टी को कमजोर कर रही है और संगठनात्मक एकता को चोट पहुंचा रही है। इस बयान के बाद देवास की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस के भीतर एक बार फिर अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आने लगे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News