राज्य में 48 घंटें भारी! कई जिलों में तेज बारिश की बड़ी चेतावनी, आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका; रहें सावधान
Thursday, Sep 10, 2026-12:20 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ राज्य में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय होने के आसार हैं। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने के आसार जताए गए है। अगले दो दिनों में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक वाला तूफान और बिजली गिर सकती है।
विभाग ने फिलहाल किसी एक जिले को सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित नहीं किया है। मौसम प्रणाली के सक्रिय होने के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। गरज-चमक के दौरान तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक पाली (कोरबा) में 40 मिमी बारिश हुई। बेलगहना (बिलासपुर) में 30 मिमी तथा हरदीबाजार (कोरबा) और नरहरपुर (कांकेर) में 20-20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस बीच रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

